बदायूं में अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

0
67

बदायूं। बिसौली क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद नाले के पार जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बिसौली नगर के मोहल्ला सराय निवासी फरमान (19) पुत्र फहीम के घर रविवार रात रिश्तेदार कार से आए थे। परिवारजन मेहमानों की खातिरदारी में व्यस्त थे, तभी फरमान ने कार की चाबी ली और अपने मोहल्ले के ही साथी सलमान (20) पुत्र यासीन तथा हसीन (18) पुत्र महबूब को साथ लेकर कार सीखने के बहाने निकल गया। बताया गया कि फरमान को कार चलाने का पूरा अनुभव नहीं था, उसने कुछ बार ही कार चलाई थी। तीनों युवक मुरादाबाद–फर्रुखाबाद हाईवे पर जा पहुंचे और चंदौसी रोड स्थित हरि फार्म के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई और करीब पांच फीट गहरे नाले के पार जा गिरी।

हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को कार से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। फरमान और सलमान को गंभीर हालत में मुरादाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं हसीन का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here