संवाददाता ।लखनऊ। दीपावली और छठ महापर्व के नज़दीक आते ही यात्रियों की मुसीबतें बढ़ने लगी हैं। लखनऊ रेलवे स्टेशन से लेकर आसपास के सभी प्रमुख जंक्शनों पर ट्रेनों में सीटों के लिए जबरदस्त मारामारी जारी है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, करीब 45,000 यात्रियों की वेटिंग चल रही है, जबकि तत्काल कोटे की सीटों पर ही लोगों की उम्मीदें टिकी हैं। त्योहारों के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए 4000 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस बढ़ोतरी के बाद उपलब्ध सीटों की संख्या 6500 से बढ़कर 10,500 तक पहुंच सकती है। अधिकारियों का कहना है कि दीपावली से पहले यह निर्णय लागू हो जाएगा, जिससे यात्रियों को कुछ हद तक राहत मिलेगी।
हालांकि, बढ़ती बुकिंग और सीमित ट्रेनों के कारण कई लोगों को ‘रिग्रेट’ मैसेज मिल रहे हैं। यही वजह है कि टिकट एजेंट्स से लेकर ऑनलाइन पोर्टल्स पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
रेलवे अधिकारियों ने अपील की है कि यात्री अपनी यात्रा योजनाओं को पहले से तय करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से टिकट बुक करें।






