आगरा। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी का प्रस्तावित आगरा दौरा अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया गया। रविवार सुबह उनके आगरा पहुंचने की योजना थी, लेकिन अचानक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि मुत्ताकी का दौरा अब रद्द हो गया है और अभी तक किसी नए कार्यक्रम की जानकारी नहीं मिली है।
अफगान विदेश मंत्री के आगरा आने को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए थे। सहारनपुर में हाल में हुई हिंसा के बाद पुलिस और प्रशासन इस दौरे को लेकर खास सतर्क था। मुत्ताकी के ताजमहल भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी, जिसके तहत पूरे शिल्पग्राम और ताजगंज क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
जानकारी के अनुसार, मौलवी आमिर खान मुत्ताकी रविवार सुबह देवबंद से शिल्पग्राम पहुंचने वाले थे और सुबह 11 से 12 बजे के बीच ताजमहल का भ्रमण करना था। शहर काजी मुफ्ती मजीद रूमी की अगुवाई में मुस्लिम समाज का एक प्रतिनिधिमंडल भी उनसे मिलने का इच्छुक था, लेकिन प्रशासन ने किसी को मिलने की अनुमति नहीं दी थी।
आखिरी क्षणों में दौरा रद्द होने से प्रशासन और पुलिस को राहत की सांस मिली, क्योंकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे दिन अलर्ट जारी था। फिलहाल मुत्ताकी की यात्रा के नए कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई है।






