अफगानिस्तान ने पाक सीमा पर खोला मोर्चा, 15 पाक सैनिक ढेर दुरंड रेखा पर युद्ध जैसे हालात

0
75

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार देर रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर एयर स्ट्राइक कर मोर्चा खोला, जिसके जवाब में अफगानी सेना ने पाक सीमा पर जोरदार कार्रवाई की। इस जवाबी हमले में 15 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई चौकियों पर अफगान बलों ने कब्जा कर लिया। वर्तमान में कुनर और हेलमंद क्षेत्रों में भीषण संघर्ष जारी है।
अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता मौलवी मोहम्मद कासिम रियाज ने बताया कि दुरंड रेखा पर अफगानी सेना का ऑपरेशन अभी भी जारी है। अफगान बलों ने पाकिस्तान की कई चौकियों को अपने कब्जे में ले लिया है और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।जानकारी के अनुसार, शनिवार की आधी रात को अंगूर अड्डा, बाजौर, कुर्रम, दीर, चित्राल और बलूचिस्तान क्षेत्रों में दोनों ओर से गोलाबारी शुरू हुई। अफगानी सेना ने दुरंड रेखा पार करते हुए कई पाकिस्तानी ठिकानों पर कब्जा किया। वहीं पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई में अफगान चौकियों को निशाना बनाया।
पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान “ईंट का जवाब पत्थर से देगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि अफगान सेना रिहायशी इलाकों पर गोलाबारी कर रही है, जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है। नकवी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।वहीं अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायत खोवाराजम ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ चलाया गया ऑपरेशन समाप्त हो गया है, लेकिन अगर पाकिस्तान ने दोबारा सीमा का उल्लंघन किया तो उसे और कड़ा जवाब दिया जाएगा।
पाकिस्तान ने इस हमले की वजह बताते हुए कहा है कि अफगानिस्तान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को शरण दे रहा है, जो पाक विरोधी गतिविधियों में लिप्त है। पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए एयर स्ट्राइक की और जरूरत पड़ी तो आगे भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी। दुरंड रेखा पर जारी गोलीबारी से दोनों देशों के रिश्तों में फिर से गहरा तनाव पैदा हो गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने शांति की अपील की है, लेकिन फिलहाल सीमावर्ती इलाकों में हालात युद्ध जैसे बने हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here