कोलकाता से फर्रुखाबाद आया सब, परिवार में छाया मातम
फर्रुखाबाद। मोबाइल पर हुई दोस्ती ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। थाना कादरी गेट क्षेत्र के खानपुर कोटा निवासी ललित पुत्र रामवीर तिवारी की कोलकाता निवासी एक युवती से मोबाइल के जरिए जान-पहचान हुई थी। यह पहचान जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई। युवती कई बार फर्रुखाबाद आकर ललित से मिलने लगी। बाद में यह खुलासा हुआ कि वह युवती शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है।
मृतक की बहन मंजू ने बताया कि बीते सोमवार को वह युवती फिर फर्रुखाबाद आई थी और रेलवे स्टेशन के पास किराए पर कमरा लेकर रुकी। उसी दौरान उसने ललित को अपने साथ कोलकाता चलने के लिए बुलाया। मंजू का आरोप है कि रास्ते में चलती ट्रेन में युवती ने ललित को धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
धक्का देने से पहले युवती ने ललित का मोबाइल फोन छीन लिया था। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक ललित दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक बहन मंजू है। परिजनों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले भी युवती फर्रुखाबाद आई थी और उस समय उसने थाना कादरी गेट में ललित के खिलाफ शिकायत की थी, जिसके बाद दोनों का पुलिस में शांति भंग की कार्रवाई में चालान भी हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर पर कोहराम मच गया। ग्रामीणों और परिजनों ने नम आँखों से ललित का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि यह प्रेम-प्रसंग की आड़ में सुनियोजित हत्या थी या हादसा।





