*सरदार 150 एकता मार्च: युवाओं में एकता और देशभक्ति जागृत करने के लिए 31 अक्तूबर से जिलेवार पदयात्राएं*

0
67

Lucknowe|खेल  एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सरदार 150 एकता मार्च आयोजित किया जाएगा। यह मार्च 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक विभिन्न जिलों में आयोजित होगा और इसका उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और जिम्मेदार नागरिक की भावना को जागृत करना है। मंत्री ने अलीगंज स्थित पीआईबी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि इस मार्च में एनएसएस और माई इंडिया के स्वयंसेवक पूरी तैयारियों और व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे।

इस एकता मार्च का पहला चरण छह अक्तूबर से शुरू हो गया है। इसमें सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और 15-29 आयु वर्ग के युवाओं के लिए यंग लीडर्स प्रोग्राम व क्विज गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला स्तरीय पदयात्राएं हर संसदीय क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक चलेंगी, जिनमें मंत्री और सांसदों के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे। इनमें स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, सरदार पटेल के जीवन और दर्शन पर व्याख्यान, युवा परिचर्चा और नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक संकल्प जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्तर की पदयात्रा 26 नवंबर (संविधान दिवस) से 6 दिसंबर तक आयोजित होगी। यह पदयात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मस्थली गुजरात के करमसद से शुरू होकर 152 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर समाप्त होगी। इसमें केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया भी भाग लेंगे। यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here