*करवाचौथ से पहले दर्दनाक हादसा: इमर्शन रॉड से करंट लगने से दंपती की मौत, छह बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया*

0
1190

मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र के गांव अफजलपुर पावटी में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। घर में पानी गर्म करने के लिए लगाई गई बिजली की इमर्शन रॉड के करंट की चपेट में आने से दंपती की मौत हो गई। कार चालक प्रमोद (42) नहाने के लिए बाल्टी में पानी गर्म कर रहा था, तभी इन्वर्टर में खराबी आने पर वह उसे ठीक करने लगा और करंट लगने से बाल्टी के पानी पर गिर गया। पत्नी रेखा (40) पति को बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। प्रमोद और रेखा की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन उन्होंने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए, जिसके बाद गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। यह हादसा करवाचौथ से एक दिन पहले हुआ, जिससे परिवार और गांव में गहरा दुख छा गया।

दंपती की मौत से उनके छह बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। प्रमोद और रेखा की पांच बेटियां — आरती (21), कशिश (17), वंशिका (13), वर्षा (11), देविका (8) — और एक बेटा मोहन (10) है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। अब इन बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी प्रमोद की बुजुर्ग मां विमला पर आ गई है, जो खुद वृद्धावस्था में सहारे की मोहताज हैं। पूरे गांव में यह सवाल गूंज रहा है — “अब इन मासूम बच्चों का भविष्य कौन संभालेगा?”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here