लखनऊ| गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर रायबरेली के ऊंचाहार इलाके के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे ट्रेन की एसी चेयरकार की खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के वक्त ट्रेन गोरखपुर से प्रयागराज जा रही थी।
पत्थर लगने की आवाज के साथ ही यात्रियों में भगदड़ मच गई और लोग सीटों के नीचे झुक गए। ट्रेन में सवार यात्रियों ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। पथराव करने वालों की पहचान के लिए ऊंचाहार के आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस घटना के बाद से यात्रियों में भय का माहौल है। रेलवे प्रशासन ने सख्त शब्दों में कहा है कि दोषियों को पकड़कर उदाहरण प्रस्तुत किया जाएगा।





