– मुख्यमंत्री योगी की जीरो टॉलरेंस नीति के बावजूद कार्रवाई में सुस्ती ?
– अपराधियों पर शिकंजा कसने में नाकाम हो रही पुलिस ?
फर्रुखाबाद। जिले के लोको कॉलोनी, फतेहगढ़ निवासी गैंगस्टर योगेंद्र सिंह यादव, जिसे आमतौर पर “चन्नू” यादव के नाम से जाना जाता है, अब भी फरार है। चन्नू यादव शिव सिंह यादव का पुत्र है और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वह चंदू छत नेता अखंड प्रताप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी भी रहा है।
जानकारी के अनुसार, चन्नू यादव सपा सरकार के दौरान स्थानीय अपराध और आतंक का प्रतीक बन चुके थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन उनके अधीनस्थ अधिकारी लंबी अवधि से पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर पाए हैं। पुलिस के सुस्त रवैये ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फर्रुखाबाद के लोगों का कहना है कि चन्नू यादव के फरार होने की वजह से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन और पुलिस से मांग कर रहे हैं कि इस अपराधी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता की सुरक्षा और कानून का राज कायम रहे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, योगेंद्र “चन्नू” यादव की ठिकानों की लगातार जांच की जा रही है। छापेमारी और गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसके बावजूद चन्नू अभी भी फरार है और यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर शिकंजा कसने की मुहिम के सामने चुनौती बन गया है।
फर्रुखाबाद प्रशासन और पुलिस ने आम जनता को आश्वासन दिया है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और चन्नू यादव समेत सभी फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






