25 हजार का इनामी शातिर भैंस चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; पुलिसकर्मी भी घायल
हरदोई।
जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ऑपरेशन लंगड़ा के तहत हुई इस कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी शातिर भैंस चोर सर्वेश उर्फ भोपू पुलिस की गिरफ्त में आ गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि अतरौली प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, देर रात गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में गोलीबारी हुई, जिसमें सर्वेश उर्फ भोपू घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी से चोरी की भैंस, बाइक, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से मवेशी चोरी की घटनाओं में लिप्त था और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से इलाके में भैंस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
अतरौली थाना प्रभारी के घायल होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऑपरेशन लंगड़ा के तहत आगे भी अपराधियों की धरपकड़ और एनकाउंटर की कार्रवाई होती रहेगी।





