लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से मंगलवार को राजभवन, लखनऊ में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 36 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं से संवाद करते हुए अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय कार्य है, जो न केवल एक जीवन बल्कि पूरे परिवार को बचा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं का हालचाल पूछा और सभी को इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. बोबडे ने यह भी कहा कि आज के समय में रक्त की कमी के कारण कई गंभीर मरीज समय पर उपचार नहीं पा पाते। यदि हर नागरिक साल में एक या दो बार रक्तदान करे तो किसी की जान कभी भी रक्त की कमी से नहीं जाएगी। इस मौके पर राजभवन परिवार में एक अलग ही उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी का माहौल देखने को मिला।





