नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने गैरकानूनी ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में जांच की रफ्तार तेज कर दी है। इसी कड़ी में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है। वहीं, ईडी ने पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह को भी 23 सितंबर को तलब किया है।
गौरतलब है कि इस मामले में ईडी पहले ही टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ियों सुरेश रैना और शिखर धवन से पूछताछ कर चुकी है। अब तक तीन पूर्व क्रिकेटर इस केस में शामिल हो चुके हैं। फिलहाल रॉबिन उथप्पा एशिया कप 2025 की कमेंट्री टीम का हिस्सा हैं, लेकिन ईडी के नोटिस के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जांच एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत केस की जांच कर रही है। ईडी का आरोप है कि 1xBet और अन्य बेटिंग ऐप्स ने लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया है और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी भी की है।
क्रिकेटरों के अलावा इस केस में फिल्मी दुनिया की हस्तियां भी ईडी के रडार पर हैं। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मीमी चक्रवर्ती तथा बंगाली अभिनेता अंकुश हजरा से पूछताछ की जा चुकी है। वहीं, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, जो 1xBet की इंडिया ब्रांड एंबेसडर हैं, को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
कंपनी 1xBet खुद को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त बुकी बताती है और दावा करती है कि वह 18 साल से इस इंडस्ट्री में है। उसका ऐप और वेबसाइट 70 भाषाओं में उपलब्ध है और उस पर हजारों स्पोर्ट्स इवेंट्स पर सट्टा लगाया जा सकता है।






