नवाबगंज (गोंडा): पत्नी (wife) की कलह से तंग आकर एक युवक ने सोमवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या (suicide) कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के नवाबगंज गिर्द के हतवा मजरा निवासी चिंटू निषाद 35 ने टीन शेड के घर में लोहे की पाइप से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई बरसाती निषाद ने बताया कि कुछ दिन पहले पत्नी सुमन नाराज़ होकर मायके चली गई थी। रविवार को चिंटू पत्नी को लाने के लिए बस्ती जिले के कुटहिया स्थित ससुराल गया था, जहां पत्नी व ससुराल वालों से कहासुनी और मारपीट हो गई।
इससे आहत होकर वह सोमवार को घर लौटा और शाम करीब चार बजे फांसी लगा ली।मृतक की शादी 15 साल पहले हुई थी। उसके तीन बेटे—शिवा 12, कुनाल 7, चंडूले 5,और एक बेटी शिवानी ढाई वर्ष है। पत्नी मायके जाते समय सिर्फ बेटी को साथ ले गई थी। चिंटू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। मां मधुरा देवी और बच्चे बेसुध होकर रो रहे हैं।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।


