27 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया ससुरालियों पर हत्या का आरोप

Must read

– छह माह मायके में रहने के बाद पति के साथ लौटी थी घर, अचानक मौत पर उठे सवाल

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गढ़ी मुकीम खां भीकमपुरा में सोमवार शाम एक विवाहिता (Married woman) की संदिग्ध परिस्थितियों (suspicious circumstances) में मौत (dies) हो गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय हिना अंसारी के रूप में हुई है। ससुरालियों का कहना है कि उसे दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हिना अंसारी सोमवार शाम करीब छह बजे घर के निचले हिस्से में अचानक गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई। इलाज शुरू होते ही कुछ ही देर में हिना की मृत्यु हो गई।

हिना की मौत की सूचना मिलते ही उसके मायके पक्ष के लोग ग्राम खिनमिनी (मऊदरवाजा) से पहुंच गए। मृतका के पिता शाकिर और माँ रईसा बेगम ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि यह अचानक हुई मौत नहीं, बल्कि एक साजिश है। उन्होंने दावा किया कि हिना को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों ने बताया कि हिना पिछले छह माह से मायके में रह रही थी और बीते बुधवार को उसका पति शीश अंसारी, जो जयपुर में प्रिंटिंग का कार्य करता है, उसे वापस भीकमपुरा लेकर आया था। तभी से वे आशंकित थे। मृतका के भाईयों ने बताया कि शादी के बाद से ही हिना का वैवाहिक जीवन अस्थिर रहा। ससुराल में छोटी-छोटी बातों पर विवाद होते थे और कई बार वह शिकायतें लेकर मायके आई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी पृष्ठभूमि में अचानक गिरने से मौत होना संदेह के घेरे में है।

घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि यदि महिला की मौत स्वाभाविक होती, तो परिवार में पहले से तनाव या विवाद की स्थिति न बनती। कई लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

थाना प्रभारी ने कहा, “परिजनों की शिकायत दर्ज की जा रही है। यदि कोई आपराधिक पहलू सामने आता है, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।”

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article