लखनऊ। शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस को नौ दिन बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक दानिश और अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की आखिरी लोकेशन भारत-नेपाल सीमा के पास मिली थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए नेपाल पुलिस से भी मदद मांगी गई है।
घटना के बाद श्रद्धा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। पुलिस इन वीडियो को पोस्ट करने वालों और आरोपियों के संभावित मददगारों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट भी जारी हो चुका है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन 14 अक्तूबर तक सक्रिय थे। इसके बाद उनकी लोकेशन नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नेपाल में छिपे हो सकते हैं। हालांकि, उनकी मौजूदा लोकेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच, शिवा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच, डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्य सुरक्षित रखने, परिवार को सुरक्षा देने और जांच की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील भी की है।
मामले में श्रद्धा के करीबी बताए जा रहे हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय को भी छह महीने के लिए जिला बदर करने का आदेश दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, ऋषभ पर रंगदारी, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं। शिवा से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
गौरतलब है कि नौ अक्तूबर की रात लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। उनकी मां की शिकायत पर श्रद्धा दुबे, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच जारी है।
शिवा शर्मा हत्याकांड में नौ दिन बाद भी फरार श्रद्धा दुबे, मां ने सीएम को लिखा पत्र


