लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 19 अक्तूबर को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठी है। शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। हालांकि, अवकाश घोषित करने को लेकर सरकार की ओर से निर्णय की जानकारी नहीं दी गई है।
विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन समेत विभिन्न संगठनों का कहना है कि 18 अक्तूबर को रविवार और 20 अक्तूबर को दशहरे का अवकाश है। ऐसे में 19 अक्तूबर को भी छुट्टी घोषित होने से शिक्षकों और कर्मचारियों को लगातार तीन दिन का अवकाश मिल सकेगा। इससे उन्हें महानवमी के धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
इस बीच, शारदीय नवरात्र में अष्टमी और नवमी के कन्या पूजन की तिथियों को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के मुताबिक, काशी पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि 18 अक्तूबर सुबह 5:54 बजे से 19 अक्तूबर सुबह 6:53 बजे तक रहेगी। वहीं, नवमी तिथि 19 अक्तूबर सुबह 6:53 बजे से 20 अक्तूबर सुबह 9:34 बजे तक है। इस आधार पर अष्टमी का कन्या पूजन 18 अक्तूबर और नवमी का पूजन 19 अक्तूबर को किया जा सकता है।
20 अक्तूबर को विजयदशमी मनाई जाएगी। इस दिन नवमी तिथि समाप्त होने के बाद दशमी तिथि शुरू होगी। इसी दिन व्रत पारण और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन भी किया जाएगा।
19 अक्तूबर को महानवमी पर छुट्टी की मांग, सीएम और मुख्य सचिव को भेजा पत्र


