लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रावास आवंटन में पक्षपात का आरोप लगाते हुए छात्रों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि छात्रावासों में सीटें खाली होने के बावजूद पात्र विद्यार्थियों को आवास आवंटित नहीं किया जा रहा है। इससे नाराज छात्र डीएसडब्ल्यू (छात्र कल्याण अधिष्ठाता) कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने छात्रावास आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की। उनका कहना है कि सीटें उपलब्ध होने के बावजूद विद्यार्थियों को छात्रावास नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने मांग की कि पात्र विद्यार्थियों को जल्द से जल्द छात्रावास आवंटित किया जाए, ताकि उन्हें रहने की समस्या से राहत मिल सके।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की अपील की। उन्होंने आवंटन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने और सभी पात्र विद्यार्थियों को समान अवसर देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता अभिषेक श्रीवास्तव बाबू के अलावा अनुराग सिंह तोमर, आशीष, प्रांजल, आशू, काव्या सिंह और अलख सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।
छात्रावास आवंटन में पक्षपात का आरोप, डीएसडब्ल्यू कार्यालय के सामने धरने पर बैठे छात्र


