रात दो बजे की घटना, घर के अंदर मिला शव; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
अमृतपुर
थाना अमृतपुर क्षेत्र के मोकुलपुर गांव में मंगलवार रात एक 25 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। युवक का शव घर के अंदर कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।जानकारी के अनुसार, मोकुलपुर गांव निवासी अरुण पुत्र राकेश को शराब पीने की लत थी। परिजनों के मुताबिक, वह कभी-कभी जुआ भी खेलता था। शराब पीने से मना करने पर घर में विवाद होता था। परिजनों ने उसके माता-पिता और पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने तथा बहन को धमकी देने की बात भी बताई
परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे अरुण छत से नीचे आया और अपनी पत्नी सलोनी को जगाया। पत्नी उसके साथ नहीं आई। इसके कुछ देर बाद कमरे में युवक का शव मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी होते ही मां विमला, पत्नी सलोनी और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।युवक के पिता राकेश ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उपनिरीक्षक सूरज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


