बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसा हो गया। भोज में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी नाव ढाब में पलट गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत होने की खबर है, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 20 लोग सवार थे। जर्जर और ओवरलोड नाव के जरिए सभी ढाब के उस पार जा रहे थे, तभी अचानक नाव पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। खबरों के मुताबिक, एक घर से सात बच्चों और दूसरे घर से पांच बच्चों के शव उठने की बात सामने आई है। अपनों को खोने वाले परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि हादसे का मंजर देखकर जिलाधिकारी भी भावुक हो गईं। इस दर्दनाक घटना ने नावों की सुरक्षा, ओवरलोडिंग और जर्जर नावों के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


