27 C
Lucknow
Saturday, October 10, 2026

काली पट्टी बांधकर थाना दिवस पहुंचे लेखपाल, मांगों को लेकर जताया विरोध

Must read

 

मोहम्मदाबाद। लंबित मांगों को लेकर लेखपाल शनिवार को काली पट्टी बांधकर थाना दिवस में पहुंचे। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन के तहत लेखपालों ने विरोध जताया। वहीं, थाना दिवस में राजस्व संबंधी पांच प्रार्थना पत्र आए। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की टीमें मौके पर भेजीं।

लेखपाल संघ की प्रमुख मांगों में प्रारंभिक वेतनमान में 2800 रुपये ग्रेड पे लागू करना, वेतन विसंगतियां दूर करना, अंतरमंडलीय स्थानांतरण शुरू करना और पदोन्नति सूची जारी करना शामिल है। इसके अलावा भत्तों में वृद्धि, परिषदीय आदेश के बाद भी पटलों से न हटाए जाने और प्रभारी राजस्व निरीक्षक का कार्यभार न छोड़े जाने जैसी समस्याओं को लेकर भी लेखपालों ने नाराजगी जताई।

संघ ने उच्च तकनीकी कार्यों के लिए लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने, तकनीकी पदों की घोषणा करने, ग्राम सचिवालयों में बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भत्तों में सुधार की मांग उठाई। इसके साथ ही तहसीलवार लेखपाल परीक्षा का परिणाम घोषित करने और स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग भी शामिल है।

संघ की ओर से मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके तहत तहसील दिवस के बहिष्कार, ऑनलाइन कार्यों से दूरी बनाने, काली पट्टी बांधकर काम करने, रक्तदान शिविर और मोटरसाइकिल रैली के बाद तहसील व जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है।

उधर, थाना दिवस में आए पांच राजस्व संबंधी प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें भेजी गईं। अधिकारियों ने शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article