– डीएम डॉ. अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने मंदिरों व मेला स्थलों का किया निरीक्षण
– सफाई से लेकर भीड़ नियंत्रण तक की समीक्षा
फर्रुखाबाद। शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के प्रमुख मंदिरों और मेला स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर, क्रिश्चियन कॉलेज ग्राउंड, मठिया देवी मंदिर तथा गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर परिसरों और मेला स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण के इंतजामों को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान मंदिरों एवं मेला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधियों से कहा कि श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मंदिरों के आसपास और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर प्रतिदिन व्यवस्थित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा गोवंश को पकड़कर आश्रय स्थलों तक पहुंचाने तथा उचित स्थानों पर कूड़ेदान रखवाने को कहा गया, जिससे पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने मंदिरों के आसपास स्थित दुकानों के व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और आउटपुट साझा करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इसका उद्देश्य पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्पष्ट किया कि शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


