शमशाबाद सीएचसी में भर्ती मरीजों और प्रसूताओं को फल वितरित किए, सपा नेता नदीम अहमद फारूकी ने मानदेय बढ़ाने को लेकर आशा कार्मिकों को दिया आश्वासन
फर्रुखाबाद शमशाबाद । पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चतुर्थ पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने समर्थकों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद पहुंचकर भर्ती मरीजों और प्रसूताओं को फल वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान नदीम अहमद फारूकी अस्पताल परिसर में धरना दे रहीं आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं से भी मिले। ये कार्यकर्ता मानदेय बढ़ाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं। फारूकी ने उनकी मांगों को सुना और उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताया।
इस दौरान उन्होंने कायमगंज के उपजिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर आशा कार्मिकों की मांगों से अवगत कराया। उन्होंने धरनारत कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आशा कार्मिकों का मानदेय जल्द बढ़ाया जाएगा।
आशा कार्यकर्ता लंबे समय से मानदेय में वृद्धि, राज्य कर्मचारी का दर्जा और अन्य सुविधाएं दिए जाने की मांग कर रही हैं। शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में उनकी ओर से धरना-प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सपा नेता ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को संबंधित प्रशासनिक अधिकारी तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम और इसकी जानकारी नगर पंचायत शमशाबाद के मीडिया प्रभारी दीपक श्रीवास्तव ने समाचार प्रतिनिधि को दी।


