हाथरस: हाथरस (Hathras) में सिकंदराराऊ क्षेत्र के मुन्नापुर गांव में खेत में काम करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर (tractor) में लगे रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मुन्नापुर गांव निवासी राहुल शर्मा पुत्र स्वर्गीय गिरीश चंद्र दोपहर करीब एक बजे ट्यूबवेल की कुंडी पर पानी पी रहा था। इसी दौरान गांव का शिव कुमार पुत्र रवि कुमार अपने ट्रैक्टर से खेत में रोटावेटर चलाकर मिट्टी समतल कर रहा था। इसी बीच शिव कुमार ने राहुल को आवाज देकर खेत में बुलाया।
राहुल के खेत में पहुंचते ही वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह मशीन में बुरी तरह फंस गया और उसके साथ कई चक्कर घूम गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहुल को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राहुल को रोटावेटर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, राहुल पानी पीने के बाद खेत की तरफ गया था। मृतक की ताई सत्यवती ने बताया कि हादसे के बाद राहुल को मशीन से निकालने में काफी परेशानी हुई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक शिव कुमार अपना ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।


