नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस और सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें दो दिनों से प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथियों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि देश को ‘‘हाइजैक’’ करने वालों को सजा मिलेगी। राहुल ने यह भी कहा कि ‘‘हिन्दुस्तान को हाइजैक किया गया है।’’
विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को भी राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी थी।
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कुछ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी भी दर्ज की है।


