31.9 C
Lucknow
Tuesday, October 6, 2026

आउटसोर्स कर्मचारियों के डाटा फीडिंग पर विभागीय कार्रवाई, संघ ने जताया आभार

Must read

कुर्मी सौरभ भानू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी संघ द्वारा आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों के डाटा को व्यवस्थित एवं ऑनलाइन दर्ज किए जाने सहित कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर की गई पहल के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ी है। संघ ने विभाग द्वारा जारी निर्देशों का स्वागत करते हुए संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

संघ की ओर से दिनांक 11 सितंबर के माध्यम से आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों से संबंधित डाटा को व्यवस्थित रूप से ऑनलाइन दर्ज किए जाने तथा कर्मचारियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था।

इसके बाद समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के राज्य परियोजना निदेशक द्वारा पत्र जारी कर आउटसोर्स कार्मिकों से संबंधित डाटा फीडिंग एवं सेवाओं का विवरण उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश जारी किए गए।

इसी क्रम में 05 अक्टूबर 2026 को समग्र शिक्षा (माध्यमिक), राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा पत्र के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि उनके अधीन कार्यरत सभी आउटसोर्स कार्मिकों का त्रुटिरहित ऑनलाइन डाटा UPCOS पोर्टल पर 10 अक्टूबर 2026 तक फीड कराया जाए।
जारी निर्देशों में यह भी कहा गया है कि शासनादेश में निर्धारित श्रेणियों में शामिल न होने वाली आउटसोर्स सेवाओं का सेवा का नाम, शैक्षिक योग्यता, श्रेणी एवं निर्धारित पारिश्रमिक सहित पूरा विवरण संस्तुति के साथ उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम को उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुसार उन्हें संबंधित सूची में शामिल किया जा सके।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाजपेयी ने विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के लिए अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) सहित संबंधित अधिकारियों का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
दीपक बाजपेयी ने कहा कि संघ द्वारा लगभग एक माह पूर्व उठाए गए विषय को विभाग ने गंभीरता से संज्ञान में लिया और इसके बाद लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं। आउटसोर्स कार्मिकों का आधिकारिक, व्यवस्थित और ऑनलाइन डाटा तैयार होना कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य किसी विभाग अथवा अधिकारी की आलोचना करना नहीं है, बल्कि प्रदेश के लाखों आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना है। विभाग द्वारा की जा रही सकारात्मक कार्रवाई का संघ स्वागत करता है और इसके लिए संबंधित अधिकारियों का पुनः धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article