****
कमालगंज संवाददाता ।
कमालगंज थाना क्षेत्र के रजीपुर ग्राम में स्थानीय लोगों ने एक मिसाल पेश की है* । अक्सर जाम और हादसों से घिरे रहने वाले रजीपुर चौराहे को अब स्थानीय दुकानदारों और समाजसेवियों ने मिलकर सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया है।
बताया गया कि चौराहे के आसपास की दुकानों के व्यापारियों ने आपस में चंदा इकट्ठा किया। करीब 10 हजार रुपये की लागत से चौराहे के प्रमुख स्थानों पर हाई-रिजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी से अब चौराहे पर होने वाली हर गतिविधि रिकॉर्ड होगी।
क्यों जरूरी थे कैमरे ?
रजीपुर-श्रृंगीरामपुर मार्ग इस इलाके का सबसे व्यस्त मार्ग है। रजीपुर चौराहे से चार दिशाओं में रास्ते जाते हैं – एक रास्ता कमालगंज की ओर, दूसरा जरारी होते हुए छिबरामऊ की ओर, तीसरा गुरसहायगंज और चौथा श्रृंगीरामपुर की ओर।
श्रावण मास में यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही कई गुना बढ़ जाती है। चारों तरफ से वाहनों के दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है और सड़क हादसे भी होते रहते हैं। कई बार संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत भी सामने आती थी।
इसी समस्या को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों ने खुद पहल करने का फैसला लिया।
स्थानीय निवासी प्रमोद दुबे”बब्बा”ने बताया, “पुलिस हर समय चौराहे पर नहीं रह सकती। कैमरा लगने से अब दुर्घटना होने पर पता चल सकेगा कि गलती किसकी थी। साथ ही चोरी या किसी संदिग्ध व्यक्ति पर भी नजर रखी जा सकेगी।”
कैमरे लगने के बाद से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर संतोष है। व्यापारियों का कहना है कि इस पहल से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि असामाजिक तत्वों पर भी लगाम लगेगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।


