कानपुर देहात। माती मुख्यालय में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 36 नामजद समेत कुल 236 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में सपा जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शन बिना अनुमति आयोजित किया गया था। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप भी लगाए गए हैं। एफआईआर में प्रदर्शन के दौरान बोतल में पेट्रोल लाए जाने का आरोप भी शामिल किया गया है।
मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया और पूर्व सांसद राजाराम पाल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सपा नेताओं का पक्ष सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।


