शमशाबाद, फर्रुखाबाद। बदलते मौसम के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, कमजोरी, चक्कर, मलेरिया, टाइफाइड और त्वचा संबंधी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। ऐसे समय में गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला राहत का बड़ा माध्यम बन रही है। रविवार को क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग और पसियापुर में आयोजित स्वास्थ्य मेलों में कुल 103 मरीजों का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया तथा सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में चिकित्सक अमित कुमार की उपस्थिति में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित 45 मरीजों का पंजीकरण हुआ। चिकित्सक ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। इसके बाद फार्मासिस्ट द्वारा मरीजों को जरूरत के अनुसार दवाइयां वितरित की गईं।
फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में पहुंचे 45 मरीजों में से 13 मरीजों की शुगर की जांच एलटी अलका द्वारा की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। वार्ड बॉय राजेश कुमार ने भी स्वास्थ्य मेले के दौरान राजकीय कार्य में सहयोग किया।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसियापुर में भी मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यहां फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेले में उपचार और जांच के लिए 58 मरीजों का पंजीकरण हुआ। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच करने के साथ ही उनकी बीमारी के अनुसार चिकित्सीय सलाह और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
एलटी नेहा महरूस द्वारा स्वास्थ्य मेले में पहुंचे नौ मरीजों की शुगर की जांच की गई। इसके अलावा सात मरीजों की बीपी, चार मरीजों की मलेरिया तथा चार मरीजों की टाइफाइड संबंधी जांच की गई। डेंगू समेत अन्य बीमारियों के लक्षण वाले मरीजों की भी आवश्यक जांच की गई।
फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों में खांसी, जुकाम, बुखार, कमजोरी, चक्कर आने के साथ ही दाद, खाज और खुजली जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। स्वास्थ्य मेले में आने वाले सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वार्ड बॉय राजा ने भी स्वास्थ्य कर्मियों के साथ राजकीय कार्य में सहयोग किया।
बदलते मौसम में बरतें विशेष सावधानी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग के चिकित्सक अमित कुमार ने स्वास्थ्य मेले में पहुंचे लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव होने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है और सर्दी-जुकाम, बुखार सहित कई बीमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले सकती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और मौसम के अनुसार खान-पान तथा कपड़ों का ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, अत्यधिक कमजोरी, सांस लेने में परेशानी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सालय में चिकित्सक से संपर्क करें। समय पर उपचार मिलने से गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सकता है। निरोग जीवन ही उत्तम स्वास्थ्य की निशानी है।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला गरीबों के लिए बना वरदान, 103 मरीजों का हुआ पंजीकरण


