वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष पद से बदलाव के बाद अजय राय ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी देने के लिए वह राहुल गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के जीवनभर आभारी रहेंगे।
अजय राय ने कहा, “मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को चुनाव लड़वाया। मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़वाया। मैं राहुल गांधी जी का आभार व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें लगातार अवसर और जिम्मेदारियां दीं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएं। अजय राय ने नए प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी बधाई दी।
कांग्रेस ने 2 अक्टूबर को आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। अजय राय ने अपने संदेश में कहा कि “लड़ाई अभी भी जारी है” और अपने संदेश का समापन “हर-हर महादेव” के साथ किया।


