कानपुर। जाजमऊ क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना तड़बगिया कब्रिस्तान के पास की बताई जा रही है। कुत्तों के हमले में युवक के शरीर पर कई जगह चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक करीब 10 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। इससे इलाके के लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए डॉग कैचर टीम आती तो है, लेकिन कार्रवाई महज औपचारिकता तक सीमित रहती है। लोगों का कहना है कि कुछ समय बाद कुत्तों की संख्या फिर बढ़ जाती है और समस्या जस की तस बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी और प्रभावी समाधान किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को लगातार खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नियमित रूप से कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी और टीकाकरण की व्यवस्था की जाए, ताकि हमले की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।


