गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) जनपद के भोजपुर थाना क्षेत्र के अमीरपुर नगौला गांव से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार देर रात घर में चारपाई पर सो रही दो सगी बहनों को जहरीले सांप (snake) ने डस लिया, जिससे 9 साल की छोटी बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 साल की बड़ी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, रोज की तरह दोनों बहनें रात में एक ही चारपाई पर सो रही थीं। देर रात अचानक कमरे से दोनों की चीखने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन भागते हुए कमरे में पहुंचे तो दोनों बहनें दर्द से तड़प रही थीं और चारपाई के पास एक सांप देखा गया।
वहीं घटना के बाद परिजन तुरंत दोनों बच्चियों को लेकर नजदीकी अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छोटी बहन 9 वर्षीय मानवी को मृत घोषित कर दिया। बड़ी बहन पलक(15) की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में सांपों की रोकथाम के लिए कदम उठाने की मांग की है।


