फर्रुखाबाद। शमसाबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवक और 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने के बाद गांव के पास स्थित आम के बाग में अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों को गंभीर हालत में परिजन तत्काल डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
बताया गया कि गांव के पास आम के बाग में दोनों को अचेत अवस्था में पड़े देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार किशोरी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी ननिहाल में नाना के साथ रह रही थी। परिजनों ने बताया कि किशोरी का रिश्ता उसके मामा ने तय कर दिया था और आगामी 11 अक्तूबर को अलीगंज क्षेत्र के एक गांव में उसकी शादी होनी थी। इसी बीच युवक और किशोरी के एक साथ जहरीला पदार्थ खाने की घटना सामने आने से परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना के पीछे क्या वजह रही, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों के होश में आने के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


