– 6 अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें
– 15 से 18 अक्टूबर के बीच शिक्षक-स्नातक सम्मेलन का कार्यक्रम
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिला संगठन प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं।
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान निर्धारित है। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। फर्रुखाबाद भी आगरा खंड के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों में शामिल है।
बैठक में बताया गया कि संगठन की ओर से फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व जिला महामंत्री डीएस राठौर, भोजपुर में पूर्व जिला उपाध्यक्ष जय गंगवार, अमृतपुर में जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह तथा कायमगंज में जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया को प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा पोलिंग स्टेशन, नगर पंचायत और ब्लॉक स्तर पर भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। बैठक में बताया गया कि प्रत्येक 20 मतदाताओं पर एक प्रमुख कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई है, जो मतदाताओं से संपर्क और संवाद बनाए रखेगा।
जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने बताया कि 6 अक्टूबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 15 से 18 अक्टूबर के बीच शिक्षक एवं स्नातक सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। इन सम्मेलनों में मतदाताओं को बैलेट पेपर के नमूने के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने की बात कही गई।
उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए संगठन स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
भाजपा ने आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह तथा आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए इंजीनियर हरि किशोर तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा की ओर से इन नामों की घोषणा सितंबर 2026 में की गई थी।
बैठक में नरेंद्र राजपूत ने पिछले चुनाव का उल्लेख करते हुए संगठनात्मक स्तर पर सामने आई कमियों की समीक्षा और इस बार बेहतर समन्वय के साथ चुनावी तैयारी करने की बात कही।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि संगठन के लिए प्रत्येक चुनाव महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने तथा संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भी संगठनात्मक सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने 20 मतदाताओं पर नियुक्त प्रमुख कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता ने किया। इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष हिना दवे, डॉ. बीके गंगवार, हेमचंद्र लोधी, अभिषेक बाथम, फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर, अनुज कटियार, अजय सिंह कटियार, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि मौजूद रहे।


