लखनऊ। विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन बुधवार को भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। मंडलायुक्त कार्यालय स्थित कक्ष संख्या-01 में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया संचालित हुई।
मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर विजय विश्वास पंत ने बताया कि बुधवार को कुल 15 नामांकन पत्रों का वितरण किया गया, जबकि दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की संख्या शून्य रही।
शिक्षक खंड के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने वालों में दीन दयाल गुप्त निवासी अहरौला, आजमगढ़, सोहन लाल निवासी सीतापुर रोड, लखनऊ, उमेश द्विवेदी निवासी लालगंज अजहरा, प्रतापगढ़, श्रवण कुमार त्रिपाठी निवासी वृंदावन योजना, लखनऊ, जितेंद्र नाथ मिश्रा निवासी राजाजीपुरम, लखनऊ, आशीष कुमार सिंह निवासी पारा, लखनऊ और धीरेंद्र सिंह निवासी शास्त्री नगर, लखीमपुर खीरी शामिल हैं।
इनमें उमेश द्विवेदी ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र प्राप्त किया, जबकि अन्य छह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लिया।
स्नातक खंड के लिए सिद्धार्थ प्रकाश निवासी गौरीगंज, अमेठी, डॉ. स्मिता मिश्रा निवासी रिवर बैंक कॉलोनी, लखनऊ, संदीप नारायण निवासी एलडीए कॉलोनी, लखनऊ, राम चंद्र तिवारी निवासी रमापुर बाबूगंज, प्रतापगढ़, मोहम्मद नजरुद्दीन निवासी मानीकलां, जौनपुर, नीलम सरोज निवासी काकोरी, लखनऊ, विनोद कुमार वर्मा निवासी एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, लखनऊ तथा मोहम्मद आफाक उस्मानी निवासी सीतापुर रोड, लखनऊ ने नामांकन पत्र प्राप्त किए।
मंडलायुक्त कार्यालय के अनुसार इनमें सभी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र प्राप्त किया है।
नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन कुल 15 नामांकन पत्र वितरित हुए, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।


