गोंडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अखिलेश यादव को लेकर बयान दिया है। बुधवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव के बिना सब सूना है।”
कांग्रेस की ओर से 150 सीटों से कम पर चुनाव नहीं लड़ने की दावेदारी से जुड़े सवाल पर बृजभूषण ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के बिना कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में होने वाली बैठक में सपा का प्रतिनिधि शामिल होता है या नहीं, इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन को लेकर सीटों का फार्मूला अभी तय नहीं हुआ है। कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि पार्टी 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी और सीट बंटवारे पर फैसला अक्टूबर में होने की बात कही गई है।
इसी बीच दोनों दल अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारियां तेज कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस अधिक सीटों पर दावेदारी कर रही है, जबकि सपा ने भी बड़ी संख्या में विधानसभा सीटों पर तैयारी शुरू की है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बयान लगातार सामने आ रहे हैं।
बृजभूषण शरण सिंह से राज्यसभा जाने की चर्चाओं को लेकर भी सवाल किया गया, लेकिन उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। उनका अखिलेश यादव को लेकर दिया गया बयान ऐसे समय आया है, जब सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे और विपक्षी गठबंधन की बैठक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।


