लखनऊ। चौक क्षेत्र में प्रतिबंधित एवं खतरनाक मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार सचिवालय कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक से जा रहे कर्मी के गले में अचानक मांझा फंसकर कस गया, जिससे उसकी गर्दन कट गई और वह लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
बताया गया कि घायल टिकैतराय तालाब एलडीए कॉलोनी का निवासी है और सचिवालय में कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। वह बाइक से चौक क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी अचानक रास्ते में आया मांझा उसके गले में फंस गया।
मांझा इतनी तेजी से गले में कसा कि उसकी गर्दन पर गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर खतरनाक मांझे की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


