दो गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई, दो बच्चों का कराया गया अन्नप्राशन संस्कार
अमृतपुर
कस्बा अमृतपुर स्थित संविलियन विद्यालय प्रथम में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और बेहतर देखभाल को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक रंगोली के माध्यम से अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम संपन्न कराया गया। आयोजन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीपीओ अंबुज यादव, शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी तथा मंडल उपाध्यक्ष आलोक बाजपेई मौजूद रहे। अतिथियों ने दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई कराई और उन्हें स्वस्थ जीवन एवं स्वस्थ शिशु के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था में पौष्टिक आहार लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही छोटे बच्चों के पोषण और देखभाल को लेकर भी आवश्यक जानकारी दी गई। अन्नप्राशन के माध्यम से बच्चों को उचित समय पर पौष्टिक आहार देने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
आयोजन को सफल बनाने में सरिता देवी, सुनीता देवी, सुनीता राठौर, संगीता सिंह, निम्मी, शिवानी, रश्मि एवं लक्ष्मी द्विवेदी का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लिया। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


