अनुराग तिवारी
औरैया। कानपुर क्षेत्र के परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार जनपद औरैया में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर अभियान कवच 2.0 चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर 2026 तक लंबी दूरी की स्लीपर, डबल डेकर तथा ऑल इंडिया परमिट से संचालित बसों की विशेष जांच की जा रही है।
इसी क्रम में एआरटीओ औरैया एनसी शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-19 पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान बस बॉडी कोड, परमिट की शर्तों तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 8 बसों का चालान किया गया। इसके अलावा एक ओवरलोडेड डंपर के विरुद्ध ऑनलाइन जुर्माना जमा कराया गया तथा बॉडी मानकों के उल्लंघन वाले एक वाहन पर भी ऑनलाइन जुर्माना जमा कराकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर चलाए गए अभियान में विभिन्न अभियोगों में 52 अन्य वाहनों के चालान भी किए गए। इनमें प्रमुख रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट कार चलाना, एचएसआरपी के बिना वाहन संचालन, रॉन्ग साइड ड्राइविंग तथा निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाना शामिल हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यात्रियों की सुरक्षा तथा वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। लंबी दूरी की बसों में सुरक्षा मानकों और परमिट शर्तों के अनुपालन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विभाग की ओर से वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की गई है कि वे वाहनों के निर्धारित मानकों, परमिट की शर्तों और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि सड़क पर यात्रियों एवं अन्य राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


