फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के मलवां कस्बे में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की उम्र करीब 6 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है।
बताया गया कि फल कारोबारी सुरेश गुप्ता के मकान में खाना बनाते समय गैस रिसाव के बाद सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। राहत-बचाव टीमों ने मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में कुणाल, आलोक, अर्पित, वेद और यश की मौत की सूचना है। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या चार थी, जो बाद में बढ़कर पांच हो गई। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी लगाई गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं।
क्रॉसर
➡️ मलवां कस्बे में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप
➡️ मृतकों की संख्या बढ़कर पांच, दो की हालत गंभीर
➡️ खाना बनाते समय गैस रिसाव के बाद हुआ जोरदार धमाका
➡️ सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद का ऐलान


