प्रयागराज: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के खिलाफ कांग्रेस (Congress) ने सोमवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी क्रम में प्रयागराज में कांग्रेस कार्यकर्ता बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा के पास से विरोध मार्च निकालेंगे. कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक पैदल जाएंगे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर यह विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया है।
कांग्रेस के कार्यक्रम के मुताबिक कार्यकर्ता बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा के पास जुटेंगे. यहां से विरोध मार्च शुरू होगा, जो कलेक्ट्रेट तक जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखेंगे और डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस इससे पहले भी CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी है। पार्टी ने देशभर के जिला कांग्रेस कमेटियों से 28 सितंबर को जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने का आह्वान किया था।
प्रयागराज में शुक्रवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर के पास कांग्रेस नेता इरशाद उल्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पोस्टर जलाकर विरोध जताया और इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। इसी दौरान छात्रों की ओर से भी विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात सामने आई थी।
CEC को लेकर चल रहे विवाद में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। इनमें नए मतदाताओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म-6 में किए गए बदलाव, मतदाता डेटाबेस और आईटी सिस्टम के नियंत्रण जैसे मुद्दे शामिल हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों चुनाव आयुक्तों ने पश्चिम बंगाल में हटाए गए मतदाताओं की अपील और गोवा में 97 पात्र मतदाताओं के अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने से जुड़े सवाल भी उठाए थे।
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि SIR समेत आयोग के फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी से लिए गए थे। गोवा के मामले में आयोग ने बताया कि 97 में से 81 मतदाताओं ने नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर दिया है। प्रयागराज में सोमवार का प्रदर्शन इसी व्यापक राजनीतिक विवाद के बीच हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता ज्ञापन के जरिए अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखेंगे।


