23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

पुलिस-सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई, 50 हजार के इनामी दो शातिर चोर गिरफ्तार

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों में वांछित चल रहे दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान और 2530 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शमशाबाद, नवाबगंज और मेरापुर थाना क्षेत्रों में चोरी के कई मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जैतपुर मोड़ स्थित मंदिर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर निवासी भूरे उर्फ बाटा (36) और इस्लामनगर निवासी साकिर उर्फ चूहा (40) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से माइक्रोटेक सोलर पीसीयू, लिवफास्ट मैक्सीमो 160 एएच बैटरी, ल्यूमिनस शक्ति चार्ज 150 एएच बैटरी, दो यूटीएल 150 एएच बैटरी, माइक्रोटेक ई-1000 इन्वर्टर और अमेज बैटरी समेत कुल सात बैटरी व इन्वर्टर बरामद किए। इसके अलावा 2530 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक साकिर उर्फ चूहा के खिलाफ चोरी के साथ ही आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं भूरे उर्फ बाटा के खिलाफ भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article