लखनऊ। लगातार बारिश के बाद गोमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते पानी को देखते हुए गोमती बैराज के सभी 10 गेट खोल दिए गए हैं। नदी का पानी फैजुल्लागंज के निचले इलाकों तक पहुंच गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अधिकारियों के मुताबिक गोमती बैराज पर नदी का जलस्तर 106.08 मीटर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 109.5 मीटर है। वहीं गौघाट पर जलस्तर 107.57 मीटर दर्ज किया गया है। सामान्य जलस्तर 105.6 से 105.7 मीटर के आसपास माना जाता है। गुरुवार से शुरू हुई बारिश के बाद नदी का पानी करीब 1.7 मीटर यानी लगभग साढ़े पांच फीट बढ़ चुका है।
जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज के निचले हिस्सों में पानी घरों के आसपास तक पहुंच गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बारिश जारी रहने पर बीकेटी, इटौंजा और बख्शी का तालाब क्षेत्र के निचले इलाकों में भी पानी बढ़ सकता है। स्थिति बिगड़ने पर डायल-112 कार्यालय, पुलिस मुख्यालय और इकाना स्टेडियम के आसपास के निचले हिस्से भी प्रभावित हो सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार लखनऊ के नालों का पानी लगातार गोमती में पहुंच रहा है। इसके अलावा पीलीभीत, बरेली और हरदोई सहित आसपास के जिलों में हुई भारी बारिश का पानी भी नदी के जलस्तर को बढ़ा रहा है। बारिश थमने तक नदी का जलस्तर तेजी से नीचे आने की संभावना कम बताई जा रही है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल लखनऊ में बारिश रुकी है, लेकिन नैमिषारण्य सहित अन्य जिलों में हुई बारिश का पानी अगले चार दिनों में लखनऊ तक पहुंच सकता है। इससे गोमती का जलस्तर कुछ समय तक बना रह सकता है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।


