– करीब 500 मीटर दूर मिला शव, परिजनों की लिखित सहमति के बाद अंतिम संस्कार के लिए सौंपा गया
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम दुंगइया में नाले में बहने से चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ टीम ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 14 घंटे की तलाश के बाद रविवार सुबह बालक का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर बरामद किया गया।
उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की शाम करीब छह बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दुंगइया निवासी रेवांश पुत्र आकाश शाक्य, उम्र करीब चार वर्ष, बाहर शौच के लिए गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नाले में गिर गया। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण बालक बह गया।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। टीम ने रातभर नाले में बालक की तलाश के लिए अभियान चलाया।
27 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे एसडीआरएफ टीम ने रेवांश का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय भेजा गया।
मृतक के पिता आकाश शाक्य को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने पोस्टमार्टम न कराने की सहमति व्यक्त की। परिजनों को पोस्टमार्टम न कराने की स्थिति में मिलने वाली संभावित सहायता के संबंध में भी अवगत कराया गया।
इसके बाद मृतक के पिता आकाश शाक्य सहित अन्य पांच परिजनों ने लिखित रूप से बताया कि उन्हें बालक की मृत्यु के संबंध में किसी प्रकार का संदेह नहीं है और वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।
परिजनों की लिखित सहमति के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके सुपुर्द कर दिया गया।


