लखनऊ। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन को लेकर रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। स्वामी नारायण छपिया-मसकनवा-लखपतनगर-मनकापुर के बीच प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य रद्द कर दिया गया है। इसके बाद पहले जारी किए गए ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन समेत अन्य परिचालन संबंधी आदेश वापस ले लिए गए हैं।
रेलवे ने इस करीब 18.82 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग सिस्टम की कमीशनिंग के लिए 26 और 27 सितंबर को नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित किया था। इसी वजह से कई ट्रेनों को रद्द करने, बदले मार्ग से चलाने और कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव के आदेश जारी किए गए थे।
कार्य रद्द होने के बाद रेलवे ने पहले जारी किए गए ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन के आदेश,
शॉर्ट टर्मिनेशन के आदेश,
शॉर्ट ओरिजिनेशन के आदेश,
ट्रेनों के पुनर्निर्धारण संबंधी आदेश
को स्थगित/रद्द कर दिया है। अब संबंधित ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग और सामान्य परिचालन व्यवस्था के अनुसार चलेंगी।
रेलवे के इस फैसले से उन यात्रियों को राहत मिलेगी जिन्हें मार्ग परिवर्तन के कारण अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ता। खासकर गोरखपुर, गोंडा, मनकापुर और आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह महत्वपूर्ण अपडेट है।


