– कोर्ट की सख्ती के बाद फैसला
– स्कूली वाहनों की सुरक्षा मानकों पर होगी नियमित निगरानी
लखनऊ। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कोर्ट के निर्देशों के बाद अब हर विद्यालय में परिवहन सुरक्षा समिति गठित की जाएगी। समिति का मुख्य उद्देश्य स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों की नियमित निगरानी करना होगा।
मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कमिश्नर ने पूर्व में जारी निर्देशों की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति गठित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
बैठक में तय किया गया कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच के लिए एक निर्धारित प्रोफार्मा तैयार किया जाएगा। इसी प्रोफार्मा के आधार पर वाहनों की जांच और रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
समिति द्वारा विद्यालय में संचालित स्कूली वाहनों की नियमित जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसमें वाहन की स्थिति, सुरक्षा उपकरण और निर्धारित मानकों के अनुपालन समेत आवश्यक बिंदुओं को शामिल किया जाएगा।
स्कूलों में गठित समितियों द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट संबंधित परिवहन और पुलिस विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
प्रशासन का उद्देश्य स्कूली वाहनों की नियमित निगरानी के जरिए दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।


