लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में लगातार हो रही बारिश (Rain) से हालात बिगड़ने लगे हैं। प्रदेश में करीब 45 घंटे से जोरदार बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि कॉलोनियों में पानी भर गया है। पेड़ और बिजली के पोल गिरने से कई रास्ते बंद हो गए हैं। अलग-अलग हादसों में अब तक 12 लोगों की मौत और 8 लोगों के घायल होने की जानकारी है। वहीं, 32 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
लखीमपुर खीरी के खीरी थाना क्षेत्र में शंकरपुर के पास बारिश के दौरान भीषण हादसा हुआ। मोरंग से भरी ट्रॉली से टकराने के बाद अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इसके बाद ट्रॉली भी कार के ऊपर पलट गई। हादसे में कार सवार सुधांशु पाठक और उदित शर्मा की मौके पर मौत हो गई।
फतेहपुर के खागा तहसील क्षेत्र के विवेकानंद नगर में शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबकर 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह मकान की छत का हिस्सा गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। वहीं बाराबंकी में लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई। रामनगर में कच्ची दीवार गिरने से सुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि रामसनेहीघाट के मऊ गांव में पेड़ गिरने से लाल बहादुर वर्मा की जान चली गई।
आगरा में शनिवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ है, लोगों के सावधानी बरतने की अपील है।


