– जलस्तर 126.500 मीटर के पार, डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह ने किया निरीक्षण
चित्रकूट। लगातार बारिश के चलते चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़कर 126.500 मीटर के पार पहुंच गया है, जिससे रामघाट समेत नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने रामघाट क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली।
बाढ़ की आशंका को देखते हुए रामघाट पर पीएसी की मोटर बोट तैनात कर दी गई है। घाटों पर पुलिसकर्मियों की लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को नदी के बढ़े जलस्तर के बीच किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने नदी किनारे के ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस बल को अलर्ट कर दिया है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही लोगों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
अधिकारियों ने मातहतों को निर्देश दिए हैं कि जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। प्रशासन की ओर से मंदाकिनी नदी के जलस्तर और आसपास के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


