सिर पर लगी गोली, मृतक के पास से 315 बोर के दो कारतूस बरामद लेकिन नहीं मिला तमंचा
धारा 307 के मुकदमे में डेढ़ महीने पहले जेल से आया था बाहर
कन्नौज। कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के खोजीपुर के ब्राह्मण नगला ग्राम में गुरुवार की देर रात 12 बजे एक पूर्व कैदी का शव पेड़ के नीचे मिला। उसके सिर में गोली लगी है लेकिन उसके पास से कोई तमंचा नहीं मिला सिर्फ 315 बोर के दो कारतूस मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, सीओ छिबरामऊ मयंक मिश्रा, कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र मेरापुर ग्राम निवासी राजकिशोर दुबे 45 वर्ष अपनी बहन बबली देवी के घर ब्राह्मण नगला में रह रहे थे।
परिजनों का कहना है कि राजकिशोर दुबे को 307 के एक मामले में 7 साल की सजा हुई थी और वह जेल में बंद थे। डेढ़ महीने पहले ही जेल से बाहर आए थे। गुरुवार को देर रात अचानक तेज आवाज हुई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक राजकिशोर का शव खून से लथपथ पड़ा था। पुलिस ने मौके से 315 बोर के दो कारतूस बरामद किए हैं लेकिन कोई भी तमंचा मौके पर नहीं मिला।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मृतक राजकिशोर अविवाहित था और आठ वर्ष पहले पप्पू दिवाकर नाम के व्यक्ति को शराब के नशे में गोली मारी थी जिसमें उसे 7 वर्ष की सजा हुई थी। अपनी सजा पूरी करके डेढ़ महीने पहले ही मृतक राजकिशोर जेल से बाहर आया था।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लगेगा। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह हत्या है या आत्महत्या।


