22.1 C
Lucknow
Thursday, September 24, 2026

रेलवे जीएम ने फर्रुखाबाद स्टेशन का लिया जायजा, निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

Must read

– निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
– अमृत स्टेशन योजना के कार्य फरवरी तक पूरा करने का दावा
– कालिंदी एक्सप्रेस और प्रस्तावित रेल ब्लॉक को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं

फर्रुखाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरबढ़कर ने गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा एवं रेलवे के अन्य अधिकारियों के साथ फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। जीएम की स्पेशल ट्रेन शाम करीब 3:50 बजे प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची। स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार ने उनका स्वागत किया।
महाप्रबंधक ने करीब एक घंटे तक स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर-1 पर निर्माणाधीन भवन, स्टेशन के बाहर के मार्ग, निर्माणाधीन ओवरब्रिज तथा माल गोदाम तक जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे इंजीनियरों से निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर-1 पर लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) लगाई जा रही हैं। इसी प्रकार प्लेटफार्म नंबर-4 और 5 पर भी लिफ्ट एवं स्वचालित सीढ़ियों की सुविधा प्रस्तावित है। अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर-2 और 3 पर जगह कम होने के कारण लिफ्ट लगाने में तकनीकी समस्या है।
जीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान महाप्रबंधक ने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों को फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कालिंदी एक्सप्रेस पर सवाल, स्पष्ट जवाब नहीं

पत्रकारों ने महाप्रबंधक से कालिंदी एक्सप्रेस के संचालन को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि तैयारियां चल रही हैं। जब उनसे कालिंदी एक्सप्रेस के चलने को लेकर स्पष्ट जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई।
पत्रकारों ने मंधना से अनवरगंज के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैक निर्माण के लिए संभावित रेल ब्लॉक के दौरान फर्रुखाबाद से गुजरने वाली ट्रेनों और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल किए।
महाप्रबंधक ने बताया कि इस मार्ग पर ब्लॉक लेने का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी। यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने की बात भी कही।
पत्रकारों ने फर्रुखाबाद से इटावा और बरेली के बीच सीधी रेल सेवाओं की मांग का मुद्दा भी उठाया। इस पर जीएम ने कहा कि ऐसी मांगें रेलवे के स्तर पर पहले से कागजों में हैं और इन पर निर्णय रेलवे बोर्ड द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने इज्जतनगर से संचालित विभिन्न ट्रेनों का भी उल्लेख किया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे पेंशनरों ने भी महाप्रबंधक से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। रेलवे के पूर्व वाणिज्य अधीक्षक सोवरन सिंह ने पेंशनरों की समस्याएं महाप्रबंधक के समक्ष रखीं।
करीब एक घंटे के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक उदय बोरबढ़कर अपनी स्पेशल ट्रेन से कानपुर की ओर रवाना हो गए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article