गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ… के जयकारों और अबीर-गुलाल की रंगीन फुहारों के बीच गुरुवार को नवाबगंज कस्बे में गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद उन्हें विसर्जन के लिए पांचालघाट फर्रुखाबाद ले जाया गया।
कस्बे के थाना के सामने स्थित हनुमान मंदिर, कमल मंदिर, पंचवटी मंदिर, ब्रह्मदेव मंदिर सहित नगर के सात स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। विसर्जन से पहले सभी गणेश महोत्सव समितियों के अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्य तिराहे से गणेश प्रतिमाओं के साथ विसर्जन यात्रा शुरू हुई।
रथ पर सवार श्रीगणेश की प्रतिमा के आगे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवक-युवतियां अबीर-गुलाल उड़ाते हुए नाचते नजर आए। यात्रा मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए मुख्य चौराहे तक पहुंची। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को मिठाई और फल भी वितरित किए गए।
पूरे यात्रा मार्ग पर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। इसके बाद सभी गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धालु विसर्जन के लिए पांचालघाट फर्रुखाबाद लेकर रवाना हुए। यात्रा के दौरान कस्बे में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।
विसर्जन यात्रा में गणेश महोत्सव समितियों के अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे। व्यवस्था संभालने वालों में रामजी पुजारी, नरेश राठौर, सतेंद्र यादव, विनीत भारद्वाज, संतोष गुप्ता, सचिन गुप्ता, प्रशांत गुप्ता (पिंटू), रजनीश यादव, कल्लू गुप्ता, कुलदीप सक्सेना, शिवप्रताप सिंह (टिंकू), कल्लू भारद्वाज, गोविंद गुप्ता, विजित भारद्वाज, अंकित भारद्वाज, जयवीर सिंह यादव, आशीष गुप्ता, बासू भारद्वाज, आशू भारद्वाज, अतुल गुप्ता, सुमित सिंह, भोले गुप्ता, सनी भारद्वाज, राजीव गुप्ता, अनुज गुप्ता, राहुल कश्यप, राजन ठाकुर, अमित ठाकुर, सुनील राठौर, सुरेंद्र राठौर, अन्नू राठौर, आलोक गुप्ता, ब्रजेश राठौर, दीपक राठौर, शिवओम राठौर, सर्वेश राठौर, हरिओम राठौर, धर्मेंद्र सिंह और अभिषेक सिंह आदि शामिल रहे।


